घाघरा थाना क्षेत्र के एक गांव से बुधवार को एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा छा गया है।
मृतकों की पहचान परदेशनी कुमारी (27 वर्ष), उनके पुत्र अंश उरांव (5 वर्ष) और पुत्री आशमानी कुमारी (4 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले करीब आठ महीनों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थी और उसका इलाज कांके में चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर घर के पास स्थित कुएं के पास नहाने के लिए गई थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों को संदेह हुआ और उनकी खोज शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान जब कुएं में झांका गया तो पानी में कपड़ा दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे कुएं की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पहले बच्चे का शव मिला, फिर महिला और बच्ची के शव को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।