लातेहार: लातेहार जिला परिवहन कार्यालय के निर्देश पर सोमवार को सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। ब्लॉक ऑफिस चौक मुख्य मार्ग के पास जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के संयुक्त नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
यह अभियान उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देशानुसार जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
चेकिंग के दौरान चालकों को बताया गया कि हेलमेट का उपयोग अनिवार्य है। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर ₹1000 तक जुर्माना और 3 माह तक लाइसेंस निलंबन का प्रावधान है। साथ ही तेज गति और रैश ड्राइविंग से बचने की सलाह दी गई, क्योंकि ओवरस्पीड दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है।
अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंक एंड ड्राइव) पर लाइसेंस रद्द करने के साथ जेल की सजा का भी प्रावधान है। मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने से होने वाले खतरे के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
इसके अलावा, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न देने की अपील की गई। नाबालिग द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में अभिभावक पर ₹25,000 तक जुर्माना का प्रावधान बताया गया।
अभियान के दौरान कुल 42 दोपहिया वाहनों का ई-चालान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी नागरिकों का दायित्व है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।