सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा और पेंशन योजना लागू करने की मांग, मंत्री ने दिया सहयोग का आश्वासन
रांची: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मिडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की।
पत्रकार सुरक्षा और कल्याण की रखी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना सहायता, पेंशन योजना व पत्रकार कल्याण कोष को प्रभावी बनाने की मांग का ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने कहा कि फील्ड में काम करने वाले छोटे-मझोले अखबारों के पत्रकारों को सबसे ज्यादा जोखिम रहता है, लेकिन उनके लिए कोई सामाजिक सुरक्षा नहीं है।
मंत्री ने नवगठित कमेटी को दी बधाई
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने एसोसिएशन की नवगठित प्रदेश कमेटी को शुभकामनाएं व बधाई देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
फर्जी पत्रकारों पर जताई चिंता
मंत्री ने फर्जी पत्रकारों की बढ़ती संख्या पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन, मीडिया संस्थानों और पत्रकार संगठनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
संगठन ने दोहराया संघर्ष का संकल्प
राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा।
ये रहे प्रतिनिधिमंडल में शामिल
बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष परबिंद पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश बनर्जी, धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, प्रदेश सदस्यता प्रभारी नागेंद्र कुमार, प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार, बोकारो जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा, दिवाकर सिंह, सतीश प्रसाद, अमर सोनकर, दिलीप चंद महतो एवं अजय कुमार शामिल थे।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने संगठन की मांगों पर सकारात्मक विचार करने तथा पत्रकार कल्याण योजनाओं को प्रभावी बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।