लातेहार: मुहर्रम पर्व को लेकर लातेहार जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिले में अमन-चैन, सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
सोमवार को एसपी कार्यालय के सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक में एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम जुलूस के मार्गों का पूर्व में ही भौतिक सत्यापन कर लिया जाए। जिन क्षेत्रों में पहले तनाव की स्थिति बनी है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल एवं पैरामिलिट्री बल की तैनाती की जाएगी। जुलूस मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा।
एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों पर यदि किसी प्रकार का अतिक्रमण है, तो उसे तत्काल हटाया जाए ताकि आवागमन सुचारु बना रहे और ताजिया जुलूस में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना स्तर पर लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, चिन्हित असामाजिक तत्वों एवं पूर्व में शांति भंग करने वाले व्यक्तियों की सूची अपडेट कर उन पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक होने पर निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। स्थानीय शांति समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य लोगों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति को नियंत्रित रखा जाएगा।
सोशल मीडिया पर विशेष नजर
इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पुलिस ने अफवाहों से निपटने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। एसपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी मैसेज, फोटो या वीडियो को सत्यापित किए बिना आगे न बढ़ाएं। अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए सीधे जेल भेजा जाएगा।