दीपक कुमार
खड़गपुर / जमशेदपुर : दी स्टार एथलेटिक क्लब खड़गपुर के सौजन्य से रविवार को खड़गपुर सेरसा स्टेडियम से आयोजित खड़गपुर मिनी मैराथन 2026 ऐतिहासिक रहा। कम रजिस्ट्रेशन फीस में बेहतर प्रबंध के चलते मैराथन में हिस्सा लेने आएं धावकों ने ‘ दी स्टार एथलेटिक क्लब खड़गपुर ‘ के प्रति आभार जताया। वहीं आयोजकों ने धावकों के लिए उत्तम प्रबंध कर मैराथन के बड़े आयोजकों को नई सीख दी कि नाम बड़ा होने से कुछ नहीं होता, काम बड़ा होना चाहिए। गौरतलब हो कि कथित बड़े आयोजनों में अत्यधिक इंट्री फीस के बावजूद सुविधा के नाम पर धावकों को कुछ भी विशेष सुविधा प्राप्त नहीं होती है । फलस्वरूप धावकों में निराशा रहती है । उधर महंगे फीस की वजह से गरीब मैराथन धावक हिस्सा भी नहीं ले पाते हैं।
द स्टार एथलेटिक क्लब ने धावकों के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराकर धावकों में खास पहचान बनाने में कामयाबी हासिल की है।
रविवार को यहां खड़गपुर में आयोजित मैराथन में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एथलीट कार्यक्रम में शिरकत कर धावकों के साथ अपने अनुभव साझा कर मार्गदर्शन किये। वहीं धावकों ने उम्दा प्रदर्शन कर कई रिकॉर्ड बनाएं। पुरुषों के 10 किलोमीटर मैराथन में बीब संख्या – 99 के अजय पटेल महज 32 : 55 मिनट में रेस पूरा कर इतिहास रच दिया। जबकि अमल महतो ( बीब संख्या 61 ) – 32 : 56 मिनट में रेस पूरा कर दूसरे स्थान पर रहें। उधर धनंजय महतो ( बीब संख्या 79 ) – 32 : 58 मिनट में रेस पूरा कर तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया। इसके अतिरिक्त सिंका अदला ( बीब संख्या – 59 ) – 33 : 08 मिनट में तथा बिक्की रवानी ( बीब संख्या – 0015 ) – 33 : 45 मिनट में दौड़ पूरा कर क्रमशः चतुर्थ एवं पंचम स्थान हासिल किये।
उधर महिलाओं के वर्ग में 5 किलोमीटर मैराथन में निशा कुमारी शाह प्रथम , छाया भारती द्वितीय तथा जोबारानी महतो तृतीय स्थान हासिल की। इसके अतिरिक्त सुमिता मांझी एवं सरिता मुर्मू क्रमशः चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त की। सभी विजेताओं को पुरस्कार राशि , मैडल , प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलीट बिमल महतो , कब्बड्डी की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनीषा समेत रेलवे के अन्य वरीय अधिकारी शिरकत किये। सभी अतिथियों को दी स्टार एथलेटिक क्लब की ओर प्रतीक चिन्ह भेंटकर कर सम्मानित किया गया।
अपना ड्रिम कभी मत छोड़िए : बिमल महतो , अंतरराष्ट्रीय एथलीट।
बतौर अतिथि कार्यक्रम में शिरकत कर रहे अंतरराष्ट्रीय एथलीट बिमल महतो ने कहा कि अपना ड्रिम कभी मत छोड़िए। यदि फोकस ठीक रहेगा तथा गुरु के बताए मार्ग पर चलेंगे तो हर सपना पूरा होगा। हां देर हो सकता है पर कामयाबी जरूर मिलेगी। कार्यक्रम में वो अतीत बयां करने के दौरान भावुक हो गए। उनकी आंखें डबडबा गई। उन्होंने सभी धावकों को शुभकामनाएं दी।
कामयाबी यूं ही नहीं मिलती : मनीषा , अंतरराष्ट्रीय कब्बड्डी खिलाड़ी।
कबड्डी की मशहूर खिलाड़ी मनीषा ने कहा कि कामयाबी कठिनाइयों को पार करने के बाद ही हासिल होती है। कठिनाईयां बाधा बनकर आती है परंतु जो इसे पार लेते हैं उसे ही कामयाबी का स्वाद चखने को मिलता है। उन्होंने लड़कियों से खेल के क्षेत्र में आगे आने की सलाह दी।