गोमिया — रांची निवासी शारदा कौर ने गोमिया क्षेत्र के कुछ लोगों पर फर्जी वंशावली और दस्तावेज तैयार कर पुश्तैनी जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही विरोध करने पर उन्हें और उनकी बहनों को जान से मारने की धमकी देने की बात कही है।
शारदा कौर के अनुसार, उनके पिता स्वर्गीय दिनेश्वर सिंह आजाद ने वर्ष 1956 में मौजा पलिहारी गुरुडीह (थाना संख्या-108, अंचल गोमिया) स्थित खाता संख्या-106, प्लॉट संख्या-1306 की 08 डिसमिल भूमि खरीदी थी। उक्त जमीन पर उनके पिता के नाम से जमाबंदी कायम थी और नियमित रूप से मालगुजारी रसीद भी जमा की जाती थी।
उन्होंने बताया कि पिता के निधन और सभी बहनों के विवाह के बाद गोमिया आना-जाना कम हो गया। इसी दौरान उनके चचेरे भाई प्रणव कुमार सिंह उर्फ पुरण सिंह ने कथित रूप से फर्जी वंशावली तैयार कर उनके पिता को निःसंतान दर्शाते हुए अंचल कार्यालय के पंजी-2 में अपना नाम दर्ज करा लिया।
शारदा कौर का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व जब उन्होंने इस मामले में पूछताछ की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और जमीन में दफनाने की धमकी दी। वहीं 28 अप्रैल 2026 को जब वह अपनी बहनों के साथ जमीन पर पहुंचीं, तो प्रणव कुमार सिंह, आनंद सिंह, अविनाश कुमार सिंह, अंकित कुमार सिंह और अभिषेक कुमार सिंह ने दोबारा धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि भूमि उपसमाहर्ता, बेरमो तेनुघाट के वाद संख्या 407/2025-26 तथा अंचलाधिकारी गोमिया की जांच रिपोर्ट में फैसला उनके पक्ष में आ चुका है। इसके बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
शारदा कौर ने संबंधित प्रशासन से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।