रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा प्रखंड के डुको पंचायत स्थित चेगरी टोंगरी में सोमवार को एक जंगली हाथी के पहुंचने से इलाके में हड़कंप मच गया। हाथी को देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ बढ़ने की सूचना पर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही फॉरेस्ट विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हाथी के पास न जाएं और न ही किसी तरह की छेड़खानी करें। विभाग ने बताया कि जंगली हाथी अक्सर शाम होते ही स्वतः जंगल की ओर लौट जाते हैं।
वन कर्मियों ने बताया कि अंधेरा होने पर वे हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर मूव कराने का प्रयास करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उसे रास्ता भी दिखाया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक बड़ी संख्या में लोग हाथी को देखने के लिए टोंगरी पर जुटे हुए थे, वहीं फॉरेस्ट कर्मी लगातार निगरानी में डटे रहे।
हाथी के गांव के पास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है, लेकिन वन विभाग स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।