पाकुड़ संवाददाता।
पाकुड़ समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाहरणालय के सभी कार्यालयों के नाजीर, प्रधान सहायक एवं संबंधित कर्मियों ने भाग लिया।
उपायुक्त ने आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 को देखते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, ईमानदारी और नियमों के अनुसार किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या त्रुटि से कड़ाई से बचा जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि:
- उपयोगिता प्रमाण पत्र (UC) समय पर समर्पित किए जाएं
- सभी वित्तीय अभिलेखों एवं लेखा-जोखा का गहन परीक्षण किया जाए
- लंबित फाइलों को प्राथमिकता के आधार पर आज ही निष्पादित किया जाए
- कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें
उपायुक्त मनीष कुमार ने कर्मियों से कहा कि वे अपने-अपने दायित्वों के प्रति गंभीर, जिम्मेदार और संवेदनशील रहें तथा कार्यालयीन कार्यों को बेहतर, व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संपादित करें। उन्होंने सभी कार्यालयों को सुव्यवस्थित और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया।