बलियापुर : बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंगियाटांड़ गांव में सोमवार को एक अफवाह के कारण सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के एक सुनसान इलाके में पशु अवशेष मिलने की खबर फैलते ही दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और नारेबाजी व आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल को और भड़काने की कोशिश की गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की की। हालात को नियंत्रण में करने के लिए प्रशासन ने हल्का लाठीचार्ज किया, जिसके बाद भगदड़ मच गई और भीड़ तितर-बितर हो गई।
प्रशासन की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र में 24 घंटे गश्त के निर्देश दिए हैं और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा है।
फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।