Read Time:1 Minute, 52 Second
लातेहार/मेदिनीनगर:
जिले के पांचों नगर निकाय चुनाव के लिए 246 बूथों पर 23 फरवरी को मतदान संपन्न हो चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित तिथि 27 फरवरी को G.L.A College Medininagar में मतगणना कराई जाएगी। मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतों की गिनती
शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतों की गिनती प्रारंभ होगी। सभी नगर निकायों के लिए अलग-अलग टेबल और काउंटर बनाए गए हैं।
- मेदिनीनगर नगर निगम की मतगणना 27 टेबल पर 5 राउंड में पूरी होगी।
- विश्रामपुर नगर परिषद के लिए 13 टेबल पर 3 राउंड में गिनती होगी।
- छतरपुर नगर पंचायत के परिणाम 12 टेबल पर 2 राउंड में घोषित किए जाएंगे।
- हुसैनाबाद नगर पंचायत की मतगणना 15 टेबल पर 2 राउंड में पूरी होगी।
- हरिहरगंज नगर पंचायत के लिए 12 टेबल पर 2 राउंड निर्धारित किए गए हैं।
मतगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 90 से अधिक पर्यवेक्षक तथा 170 से अधिक मतगणना सहायकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने की बात कही है।