रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा। घाघरा थाना क्षेत्र के कोटा माटी नदी से पुलिस ने पाकरटोली निवासी वृद्ध बागु उरांव का शव बरामद किया है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस थाना लाई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी सुको देवी ने बताया कि शनिवार को गांव में एक शादी समारोह था, जिसमें उनके पति शाम करीब चार बजे शामिल होने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वे शादी घर में ही रुक गए होंगे।
रविवार सुबह तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। सोमवार शाम करीब तीन बजे एक ग्रामीण ने सूचना दी कि कोटा माटी नदी में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बागु उरांव के रूप में की।
पत्नी के अनुसार, उनके पति सामान्यतः नदी की ओर नहीं जाते थे। ऐसे में उनका वहां पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
बाइट – मृतक की पत्नी सुको देवी
“मेरे पति शनिवार को शादी में गए थे। रात में नहीं लौटे तो सोचा वहीं रुक गए होंगे। सुबह से हम लोग खोज रहे थे। हमें नहीं पता वो नदी तक कैसे पहुंचे। वो कभी उस तरफ नहीं जाते थे।”