बोकारो। बोकारो जिले के कथारा क्षेत्र में नकली विदेशी शराब के अवैध कारोबार की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर कथारा ओपी प्रभारी को मामले के उद्भेदन के लिए लगाया गया था। इसके बाद लगातार निगरानी और गुप्त सूचना संकलन किया जा रहा था।
गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथारा बस्ती जाने वाले मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की। दिनांक 20.02.2026 को सुबह करीब 4:30 बजे कथारा बस्ती मिडिल स्कूल के सामने एक चारपहिया टाटा मैजिक वाहन को रोकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से घेराबंदी कर वाहन को जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांडों की नकली विदेशी शराब, शराब सील करने व बनाने की मशीन, स्प्रिट, ढक्कन, स्टीकर, बार कोड समेत अन्य सामग्री बरामद की गई।
इस मामले में गोमियां (कथारा ओपी) थाना कांड संख्या 26/26 दिनांक 20.02.2026 के तहत बीएनएस-2023 की धारा 340(2), 342(2), 274, 275, 292, 3(5) एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फिलहाल अवैध शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।