रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला),
घाघरा थाना पुलिस ने ठेकेदार से लेवी मांगने और मारपीट करने के मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार सभी आरोपी देवाकी कुसुमटोली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक अभियुक्त प्रेम उरांव, मुकेश उरांव और संदीप उरांव को पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। देवाकी कुसुमटोली गांव में उत्तर प्रदेश से आए बिजली विभाग के ठेकेदार द्वारा तार लगाने का कार्य कराया जा रहा था। काम खत्म कर ठेकेदार और कर्मचारी अपने कमरे में थे, तभी अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने पहुंचकर लेवी की मांग की।
लेवी देने से इनकार करने पर अपराधियों ने राजस्थान के गुदावली भाटपुर निवासी कंपनी के बिजली विभाग के सुपरवाइजर विजय सिंह पर हमला कर दिया। पहले हथियार के बट से सिर पर वार किया गया, इसके बाद पत्थर से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल सुपरवाइजर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। पीड़ित के आवेदन पर घाघरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।