जमशेदपुर : झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति के त्रिसदस्यीय (शिरोमणि महतो, नीरज नीर व विनोद राज) निर्णायक मंडल द्वारा सोमवार को हिंदी साहित्य, क्षेत्रीय व जनजातीय भाषा एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश के पुरोधाओं की स्मृति में चौथे स्मृति सम्मान की घोषणा की गई। जिसमें जमशेदपुर के वसंत जमशेदपुरी को उनके छंदों के प्रति समर्पण व उत्कृष्ट लेखन हेतु रघुनाथ महतो सम्मान देने का निर्णय लिया गया है।
वसंत जमशेदपुरी जी हिंदी, राजस्थानी व भोजपुरी में प्रचुर मात्रा में साहित्य सृजन किया है। सुंदर कांड का राजस्थानी भाषा में भावानुवाद किया है तथा देश की शताधिक पत्र-पत्रिकाओं में उनकी रचनाएँ प्रकाशित हो चुकी है। अब तक छः पुस्तके प्रकाशित है, जबकि सातवीं पुस्तक जल्द ही प्रकाशित होकर पाठकों के बीच आने वाली है।
सूत्रों ने बताया कि यह सम्मान राँची में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर प्रदान की जाएगी। जिसमें झारखंड की वरिष्ठ साहित्यकार महुआ माजी एवं विद्याभूषण भी सम्मानित होंगे।
वसंत जमशेदपुरी जी तुलसी भवन सहित नगर की सभी प्रमुख साहित्यिक संस्थाओं के सक्रिय सदस्य है।