कोटालपोखर। कोटालपोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक की पत्नी रवीना खातून ने अपने पति की मृत्यु के लिए कुछ स्थानीय लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर प्राथमिकी दर्ज करने एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में रवीना खातून ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय हसन राजा को बीते दिनों कुछ व्यक्तियों द्वारा छेड़खानी के एक झूठे मामले में फँसाया गया था। हालांकि माननीय न्यायालय द्वारा दिनांक 11 दिसंबर 2025 को उनके पति को अग्रिम जमानत प्रदान कर दी गई थी। इसके बावजूद आरोप लगाने वाले लोग एवं उनके सहयोगी लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, अपमानित कर रहे थे तथा बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा था।
रवीना खातून के अनुसार, लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना और धमकियों के कारण उनके पति गहरे तनाव में चले गए थे। इसी दौरान जब वे अपने कार्य के सिलसिले में मालदा (पश्चिम बंगाल) गए हुए थे, तभी 13 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 6 बजे उनकी मृत्यु की सूचना परिवार को मिली। पत्नी का आरोप है कि यह मृत्यु सीधे तौर पर झूठे मुकदमे, सोशल मीडिया पर बदनामी और लगातार मानसिक उत्पीड़न का परिणाम है।
आवेदन में कुल 9 लोगों के नाम उल्लेखित करते हुए उन पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने तथा घर में आग लगाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इनमें से एक व्यक्ति बिहार का निवासी बताया गया है, जबकि शेष सभी कोटालपोखर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पीड़िता ने थाना प्रभारी से मांग की है कि सभी आरोपितों के विरुद्ध उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मृतक की मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए तथा दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
फिलहाल पुलिस द्वारा आवेदन को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच की बात कही जा रही है।