रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहेब, घाघरा (गुमला)
घाघरा थाना क्षेत्र के आदर भंडारटोली गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां इंटर के छात्र रोहित उरांव ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित उरांव गुमला कॉलेज का छात्र था और बीते 7 दिनों से कॉलेज नहीं जा रहा था। बुधवार को जब उसकी मां ने कॉलेज न जाने का कारण पूछा, तो रोहित ने कोई उत्तर नहीं दिया। इसके बाद उसकी मां बीमरला पहाड़ होटल के लिए सामान लेकर निकल गईं। घर पर उस समय रोहित अकेला था।
गुरुवार को जब रोहित के पिता बीमरला होटल से घर लौटे, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर उन्होंने सीढ़ी लगाकर घर का खपड़ा हटाकर अंदर झांका, जहां रोहित घर के छप्पर के काठ से साड़ी के सहारे फांसी पर लटका मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।