लातेहार: नक्सलियों के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए पुलिस ने भाकपा (माओवादी) संगठन के दो सक्रिय सदस्य एवं इनामी नक्सली मृत्युंजय भुईयां उर्फ मृत्युंजय जी, पिता बाबूलाल भुईयां, ग्राम नावाडीह, थाना छिपादोहर, जिला लातेहार तथा बबलू राम उर्फ बबलू जी, पिता बबन राम, ग्राम निरखपुर, थाना किंजर, जिला अरवल (बिहार) के घरों पर न्यायालय से प्राप्त इश्तेहार चिपकाया है।
दोनों पर बारेसांढ़ थाना कांड संख्या 03/2023 के तहत धारा 147, 148, 149, 120(B) भा.दं.सं., 25(1-A)/25(1-AA), 26(2)/35 आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 10/13 UAPA एक्ट तथा 17 CLA एक्ट सहित कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।
यह कार्रवाई बारेसांढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार, एसआई अमर कुमार एवं सशस्त्र बलों की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी एक दशक से फरार चल रहे हैं और इनके खिलाफ कई गंभीर मामले लंबित हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने लातेहार जिले के नावाडीह गांव और बिहार के अरवल जिला अंतर्गत निरखपुर गांव में स्थित उनके घरों एवं आस-पास के चौक-चौराहों पर भी इश्तेहार चिपकाए।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है, ताकि जनता को आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
गौरतलब है कि भाकपा (माओवादी) जैसे प्रतिबंधित संगठनों के विरुद्ध केंद्र और राज्य सरकारें लगातार अभियान चला रही हैं तथा फरार नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सघन कार्रवाई कर रही है।