तीन की हालत गंभीर
पतना/रांगा।
रांगा थाना क्षेत्र के बरहेट–बरहरवा मुख्य पथ पर डहुआजोर चौक के पास शनिवार दोपहर करीब 1:20 बजे पिकअप वैन और टेम्पू के बीच जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं दो मासूम बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेम्पू बरहेट पेटखासा से सवारियाँ लेकर बरहरवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही पिकअप वैन (JH 04D 4301) ने चौक पर खड़ी टेम्पू को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पू का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पिकअप वैन भी सड़क पर पलट गई।
मौके पर ही एक की मौत
हादसे में बरहेट थाना क्षेत्र के पेटखासा निवासी रोबी बागती (42) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें त्वरित बरहेट सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घायल हुए लोग
हादसे में निम्न लोग घायल हुए हैं—
- रमकी पहाड़िन (34), छोटा तेगड़ा पहाड़
- मोहन पहाड़िया (1.5 वर्ष)
- पोददा देवी (50), बिंदुपाड़ा, बरहरवा
- नयन कुमार (20), टेम्पू चालक, पेटखासा
- सोनिया देवी (27) पत्नी जितेंद्र बागती
- आठ महीने का बच्चा
- एक साल का बच्चा
इनमें सोनिया देवी, जितेंद्र बागती, और टेम्पू चालक नयन कुमार बागती की स्थिति गंभीर है।
पुलिस ने दोनों वाहन जब्त किए
सूचना मिलते ही रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, विजय कुमार, अरविंद सोरेन एवं कमेश्वर मरांडी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सीएचसी रांगा भेजा और पिकअप वैन तथा टेम्पू दोनों को जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घायल बच्चे को गोद में लेकर पहुंची दादी
घटना में घायल एक साल के बच्चे को उसकी दादी अकली देवी, कोचपाड़ा निवासी, गोद में लेकर सीएचसी रांगा पहुंचीं। बच्चे के माता-पिता सोनिया देवी और जितेंद्र बागती भी गंभीर रूप से घायल हैं।