बरहरवा/ प्रतिनिधि
बरहरवा। बोरियो प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित शेड में शनिवार को राजमहल कलीसिया समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सामू पहाड़िया ने की, जबकि समिति के सचिव अधिवक्ता रामा पहाड़िया मौजूद थे।
बैठक की जानकारी देते हुए अधिवक्ता रामा पहाड़िया ने बताया कि बैठक में आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के बीच नशा मुक्ति अभियान चलाने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि समुदाय के लोगों को नशा से मुक्त कराने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
साथ ही राजमहल की पहाड़ियों के संरक्षण, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए आंदोलन चलाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में पिछले दिनों बोरियो अंचल मौजा में पहाड़ों को दी गई लीज रद्द करने की मांग उठाई गई।
बैठक में वक्ताओं ने यह भी कहा कि पहाड़िया समुदाय की लड़कियों की गैर-आदिवासी युवकों से शादियों पर रोक लगाने के लिए ठोस पहल की जानी चाहिए।
बैठक में रामा मालतो, सुन्दरा पहाड़िया, गांगू पहाड़िया, सुकरा पहाड़िया, मतला किस्कू समेत कई लोग उपस्थित थे।