लातेहार | 09 जुलाई 2025 — लातेहार जिले के उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने बुधवार को चंदवा प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने योजनाओं की जमीनी हकीकत परखते हुए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण की शुरुआत पंचायत सासंग से हुई, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना (अबुआ आवास) के अंतर्गत लाभुक उर्मिमा देवी के नवनिर्मित आवास का गृह प्रवेश समारोह सम्पन्न कराया गया। इस दौरान लाभुक रीता देवी एवं अन्य के निर्माणाधीन आवासों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
मनरेगा योजनाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान मनरेगा अंतर्गत लाभुकों — अतुलनाथ साहदेव, अभिषेक कुमार साहदेव एवं अविनाश कुमार साहदेव — के खेतों में आम बागवानी योजना का अवलोकन किया गया। वहां पौधारोपण न होने एवं साफ-सफाई की स्थिति खराब पाए जाने पर ग्राम रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाई गई और कार्य में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई।
स्वास्थ्य सेवाओं का भी लिया जायजा
उप विकास आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी, शिशु वार्ड, प्रसव वार्ड, टीबी जांच कक्ष, सामान्य वार्ड आदि का गहन निरीक्षण किया गया और सुविधाओं में सुधार हेतु संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रतिभा सम्मान समारोह में की शिरकत
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने अन्वी एजुकेशन द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लिया, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
समीक्षा बैठक में दिए कई निर्देश
प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने मनरेगा अंतर्गत सभी पंजीकृत परिवारों को 100 दिन का कार्य उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी शिकायत की पुष्टि होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आवास योजना, समाज कल्याण, कृषि एवं पशुपालन विभाग पर विशेष फोकस
- आवास योजना: सभी आवासों को समय पर पूर्ण करने और समय पर किस्त भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लाभुकों का सत्यापन 15 जुलाई 2025 तक पूर्ण करने को कहा गया।
- समाज कल्याण: संबंधित डाटा समय पर पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश।
- कृषि विभाग: बीज वितरण सही लाभुकों के बीच सुनिश्चित करने की बात कही गई। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- पशुपालन विभाग: टीकाकरण से संबंधित जानकारी समय पर ऑनलाइन अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
JSLPS एवं शिक्षा विभाग को दिए गए निर्देश
- प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, JSLPS को आजीविका में वृद्धि हेतु विशेष कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
- शिक्षा विभाग के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को सभी योग्य रसोइयों के आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदवा, अंचल अधिकारी चंदवा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।