
रांची:- राज्य के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल रेस में है। इस बीच नई नवेली बनी राजनीतिक पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा भी तेजी से उभर रहा है। संगठन ने अब तक कुल 74 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
बताते चलें कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो डुमरी और बेरमो विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो सोमवार को सिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करने के लिए निकल पड़े हैं।
संगठन के रांची जिला महासचिव विमल महतो ने बताया कि सोनाहातु और अनगड़ा के लोग कुटकी मैदान सिल्ली में एकत्रित होकर जुलूस में शामिल हुये। वहीं राज्य के अन्य जिला से आने वाले संगठन के पदाधिकारी एवं समर्थक ईईएफ मैदान टाटिसिलवे में एकत्रित होंगे।
तत्पश्चात मोरहाबादी मैदान से पदयात्रा रैली करते हुए समाहरणालय परिसर रांची में जाएंगे। देवेन्द्र ट्रेक्टर पर झंडा बांधकर स्वयं चलाते हुए नामांकन के लिए निकले।