महुआडांड़:- कुरुन्द घाट पर सड़क किनारे अचानक एक जल स्रोत के उभरने की घटना ने स्थानीय लोगों के बीच गहरी जिज्ञासा और चर्चा का विषय बना दिया है। यह घटना कुछ दिनों पहले तब सामने आई, जब यात्रियों और स्थानीय निवासियों ने सड़क के किनारे से बहते हुए साफ पानी को देखा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह जल स्रोत अचानक प्रकट हुआ है और इसे देखने के लिए आस-पास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कुछ इसे प्राकृतिक घटना मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे भूगर्भीय परिवर्तन या भूमिगत जल स्त्रोत का उभरना समझ रहे हैं।इसके बाद जल स्रोत को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगने लगी। कई लोगों ने जल स्रोत के पानी को भी पी कर देखा।
इस जल स्रोत के पानी का स्वाद काफी मीठा रहने के कारण लोग बोतल में भरकर यहां का पानी ले जाने लगे। यहां बताते चलें कि इस इलाके में कई वाटरफॉल भी है। जहां से पानी का बहाव होता है। संभावना जताई जा रही है कि क्षेत्र के भौगोलिक बनावट के कारण इस प्रकार का जल स्रोत खुद व खुद उभर आया है।
फिलहाल यह पूरा मामला लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना है।