धनबाद :– तोपचांची प्रखंड में अबुआ आवास के लाभुकों के चयन में गड़बड़ी के खिलाफ जनप्रतिनिधियों में आक्रोश है. साथ ही बीडीओ फणिश्वर रजवार की कार्यशैली से नाराज विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि ने सोमवार से प्रखंड कार्यालय के समीप बेमियादी धरना शुरू कर दिया है.इस दौरान बीडीओ के तबादले की मांग व उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई. वक्ताओं ने कहा कि रजवार ने जब से बीडीओ का पदभार ग्रहण किया है, उनकी अफसरशाही बढ़ती जा रही है. उन्होंने अब तक मुखियाओं के साथ एक बार भी बैठक करना मुनासिब नहीं समझा. धरना को समर्थन देने पहुंचीं जिप उपाध्यक्ष सरिता देवी ने कहा कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार योग्य लाभुकों को अबुआ आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. पावापुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जीतेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि ग्रामसभा से पारित लिस्ट के अनुसार अबुआ आवास के लाभुकों का चयन नहीं हुआ है. पक्के मकान वालों को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है.