लखीसराय , (आरएनएस)। बिहार के लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक ओपी क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि करीब एक बजे एक भीषण सडक़ हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई तथा अन्य पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यात्रियों को लेकर एक ऑटो सिकंदरा से लखीसराय की ओर जा रहा था तभी बिहरौर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में 13 से 14 लोग सवार बताए जाते हैं। हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
रामगढ़ चौक ओपी के प्रभारी मृत्युंजय कुमार पंडित ने बताया कि इस घटना में आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि घटना की खबर सुनते ही कई थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया। ओपी प्रभारी ने बताया कि सभी मृतक मुंगेर जिले के रहने वाले बताए जाते हैं। घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
00
(नई दिल्ली)नहीं रहे प्रख्यात संवैधानिक न्यायविद् फाली नरीमन, 95 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
नई दिल्ली (आरएनएस)। प्रख्यात संवैधानिक न्यायविद् और वरिष्ठ अधिवक्ता फाली एस. नरीमन का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। नरीमन ने प्रसिद्ध राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग (एनजेएसी) फैसले सहित कई ऐतिहासिक मामलों पर बहस की। वह महत्वपूर्ण एससी एओआर एसोसिएशन मामले (जिसके कारण कॉलेजियम प्रणाली का जन्म हुआ), टीएमए पाई मामला (अनुच्छेद 30 के तहत अल्पसंख्यक अधिकारों के दायरे पर) और कई अन्य मामलों में पेश हुए।
मई 1972 में उन्हें भारत का अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया। नरीमन को जनवरी 1991 में पद्म भूषण और 2007 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
अनुभवी वकील को नवंबर 1950 में बॉम्बे हाई कोर्ट के वकील के रूप में नामांकित किया गया था। उन्होंने 70 से अधिक वर्षों तक प्रैक्टिस की। बॉम्बे हाई कोर्ट से शुरुआत की और बाद में सुप्रीम कोर्ट में चले गए।