साहिबगंज स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज की गर्डर लॉन्चिंग पूरी, लेकिन अधूरी रह गयी कनेक्टिविटी की बड़ी योजना
Sahibganj News

सोनू कुमार की रिपोर्ट,
साहिबगंज:- साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बड़ी सुविधा देने की दिशा में 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज की गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया गया है। 21 नवंबर को 250 टन क्षमता वाली क्रेन की मदद से गर्डर स्थापित किये गये। लेकिन इस उपलब्धि के बीच रेलवे की पुरानी योजना का अधूरा रह जाना भी चर्चा में है। करीब एक वर्ष पहले फुट ओवरब्रिज को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से जोड़ते हुए प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो और तीन के साथ रनिंग रूम तक विस्तारित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था।
इससे यात्रियों के साथ-साथ ट्रेन चालक और गार्ड को भी सीधा आवागमन मिल सकता था। लेकिन वर्तमान निर्माण योजना में यह पूरी व्यवस्था शामिल नहीं है। अब निर्माण केवल प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो और तीन को जोड़ने तक सीमित रह गया है।

मालदा रेल मंडल के तीसरे 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज की गर्डर लॉन्चिंग मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में रेलवे की आरएसपी यूनिट की ओर से करायी गयी। गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा होने से निर्माण कार्य ने महत्वपूर्ण चरण पार कर लिया है। हालांकि, पुरानी योजना के मुकाबले निर्माण का सीमित दायरा अब सवाल खड़े कर रहा है कि स्टेशन को बेहतर कनेक्टिविटी देने का प्रस्ताव आखिर अधूरा क्यों रह गया।
रातभर चला काम, 250 टन की क्रेन से स्थापित हुए गर्डर
गर्डर लॉन्चिंग के लिए 21 नवंबर की रात 12:55 बजे से सुबह 5:25 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था। इस दौरान 250 टन क्षमता वाली क्रेन से गर्डर स्थापित किये गये। बारिश के कारण सुरक्षा के मद्देनजर ब्लॉक की अवधि 17 मिनट अतिरिक्त बढ़ानी पड़ी। फुट ओवरब्रिज की कुल लंबाई 32.18 मीटर है और इसमें 11 गर्डर लगाये जाने हैं। गर्डर लॉन्चिंग पूरी होने के बाद अब निर्माण के शेष कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
40 दिन बाद यात्रियों को मिल सकती है नई सुविधा
कार्यस्थल पर काम कर रहे कर्मचारियों के अनुसार, फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूरी तरह पूरा होने में करीब 40 दिन और लग सकते हैं। इसके तैयार होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ता मिलेगा। खासकर ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम करने में भी यह निर्माण मददगार साबित हो सकता है।
रनिंग रूम तक विस्तार होता तो रेलकर्मियों की भी बचती मशक्कत
पुरानी योजना के तहत फुट ओवरब्रिज को सर्कुलेटिंग एरिया से जोड़कर रनिंग रूम तक ले जाने का प्रस्ताव था। इससे ट्रेन चालक और गार्ड रनिंग रूम से सीधे अपने संबंधित प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकते थे। उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन परिसर का चक्कर नहीं लगाना पड़ता। लेकिन मौजूदा निर्माण में रेलकर्मियों के लिए प्रस्तावित यह सुविधा शामिल नहीं है। ऐसे में फुट ओवरब्रिज का लाभ यात्रियों तक तो पहुंचेगा, लेकिन रनिंग रूम से सीधा संपर्क स्थापित करने की उम्मीद फिलहाल अधूरी है।
गर्डर लॉन्चिंग पूरी, अब पुरानी योजना पर रेलवे की चुप्पी चर्चा में
फुट ओवरब्रिज का निर्माण निश्चित रूप से साहिबगंज स्टेशन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन सवाल केवल प्लेटफॉर्मों को जोड़ने का नहीं, बल्कि स्टेशन को समग्र रूप से बेहतर कनेक्टिविटी देने का भी है। सर्कुलेटिंग एरिया और रनिंग रूम को जोड़ने की पुरानी योजना पर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। यात्रियों और रेलकर्मियों के हित में यह जानना जरूरी है कि क्या भविष्य में फुट ओवरब्रिज का विस्तार किया जायेगा या फिर व्यापक सुविधा देने वाली योजना अधूरी ही रह जायेगी?
![]()



