राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में साहिबगंज की तीन बेटियों का दमखम,झारखंड टीम में चयन से जिले का बढ़ा मान
प्रीति, दिव्या और चांदनी राष्ट्रीय मुकाबले के लिए पंजाब रवाना, 26 से 29 नवंबर तक फरीदकोट में देशभर की टीमों से होगी भिड़ंत

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
साहिबगंज:- राष्ट्रीय कबड्डी के मैदान में साहिबगंज की तीन बेटियां अपनी प्रतिभा और दमखम का लोहा मनवाने उतरेंगी. 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप के लिए जिले की प्रीति कुमारी, दिव्या कुमारी और चांदनी कुमारी का चयन झारखंड बालिका टीम में हुआ है. तीनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर राज्य की टीम में जगह बनाकर साहिबगंज को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए तीनों खिलाड़ी रविवार को साहिबगंज रेलवे स्टेशन से पंजाब के लिए रवाना हुईं. प्रतियोगिता 26 से 29 नवंबर 2026 तक पंजाब के फरीदकोट स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी. यहां देश के विभिन्न राज्यों की टीमें खिताबी मुकाबले में अपना दमखम दिखायेंगी. इस राष्ट्रीय मंच पर साहिबगंज की तीनों खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.

कड़ी मेहनत ने खोला राष्ट्रीय प्रतियोगिता का रास्ता
प्रीति, दिव्या और चांदनी का चयन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और कबड्डी के प्रति समर्पण का परिणाम है. लगातार अभ्यास के बल पर तीनों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की और अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचने में सफलता हासिल की है. तीनों का चयन साहिबगंज की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है.
रवानगी के समय स्टेशन पर जुटे खेल प्रेमी, दी जीत की शुभकामनाएं
खिलाड़ियों की रवानगी के अवसर पर साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमियों ने उनका उत्साह बढ़ाया. उपायुक्त, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, प्रो. डॉ. रंजीत कुमार सिंह, डीआरडीओ के वैज्ञानिक राजू यादव, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू, सचिव वीरेंद्र कुमार, खेल शिक्षक आदित्य कुमार, एनआईएस कबड्डी कोच लालू कुमार यादव और खेल प्रेमी हीरालाल यादव सहित अन्य लोगों ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी. सभी ने विश्वास जताया कि प्रीति, दिव्या और चांदनी अपने खेल कौशल और शानदार प्रदर्शन से झारखंड का नाम रोशन करेंगी.
तीन बेटियों की उपलब्धि से बढ़ेगा दूसरी खिलाड़ियों का हौसला
साहिबगंज की इन तीनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचना जिले की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है. खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि इनका प्रदर्शन नई पीढ़ी की बालिकाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करेगा. अब फरीदकोट के मैदान में इन तीनों बेटियों के प्रदर्शन पर पूरे जिले की निगाहें टिकी हैं.
![]()




