
लेधपा में दो दिवसीय प्रखंड समूह स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, युवाओं ने दिखाया दमखम

लातेहार। मेरा युवा भारत (MY Bharat), लातेहार के तत्वावधान में 14 एवं 15 नवंबर 2026 को लेधपा फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड समूह स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख परसुराम लोहरा, बेंदी पंचायत के मुखिया रामदयाल उरांव, वार्ड सदस्य संकेंद्र परहिया एवं ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा फुटबॉल में किक मारकर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है।
दो दिनों तक चली प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी, दौड़, लंबी कूद और रस्सी कूद सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। फुटबॉल प्रतियोगिता में युवा क्लब परसही ने प्रथम, युवा क्लब बचरा ने द्वितीय तथा चुरिया की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में विश्रामपुर की टीम विजेता रही, जबकि युवा क्लब लेधपा दूसरे और युवा क्लब बेंदी तीसरे स्थान पर रहा।

एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तहत 400 मीटर दौड़ में अरुण सिंह ने प्रथम, राजपाल सिंह ने द्वितीय और सिकन्द्र सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद में भी अरुण सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। पंकज सिंह दूसरे तथा सिकन्द्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में प्रियंका कुमारी ने प्रथम और नीलू कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रस्सी कूद प्रतियोगिता में सुलेखा कुमारी ने प्रथम तथा शकुंतला कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक मुकेश कुमार सिंह, सोनू कुमार और धनीता कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं समाजसेवी रघु खरवार, पूर्णचंद सिंह, राजेंद्र सिंह, जयराम सिंह और मदन साव सहित अन्य ग्रामीणों ने भी सहयोग दिया।
![]()




