राजमहल में घर में लगी भीषण आग,हजारों की संपत्ति जलकर राख; पांच पड़ोसियों पर आग लगाने का आरोप
ग्रामीणों ने बोरिंग और कुएं से पानी लाकर बुझाई आग, पुलिस ने शुरू की जांच; घटना में कोई हताहत नहीं

रिपोर्ट :राहुल साह,
मंगलहाट। राजमहल थाना क्षेत्र की सैदपुर पंचायत अंतर्गत मलाहिटोला गांव में गुरुवार सुबह एक घर में आग लगने से हजारों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आग की लपटें उठते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बिजली बेवा गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घरेलू कामकाज में व्यस्त थीं। इसी दौरान अचानक उनके घर में आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर से ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता देख परिवार के सदस्य घबरा गये और शोर मचाते हुए किसी तरह घर से बाहर निकले।

ग्रामीणों ने बोरिंग और कुएं के पानी से पाया आग पर काबू
घर से आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर जुट गये। आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में ग्रामीणों ने बोरिंग और कुएं से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास के घरों तक फैलने से बच गयी। हालांकि, तब तक घर में रखे सामान और अन्य संपत्ति को काफी नुकसान पहुंच चुका था।
पांच पड़ोसियों पर आग लगाने का गंभीर आरोप
घटना के बाद पीड़िता बिजली बेवा ने अपने ही पांच पड़ोसियों पर घर में आग लगाने और मकान को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में राजमहल थाना पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आरोपों के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस,सभी पहलुओं की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना के एएसआइ दिनेश चंद्र हांसदा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक जानकारी जुटायी। इधर, गांव में आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस पीड़िता के आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आग जानबूझकर लगायी गयी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
![]()





