नेतरहाट में छठ की तैयारी तेज, होटल संघ और पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर की तालाब की सफाई
Latehar News

नेतरहाट (लातेहार)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पर्यटन नगरी नेतरहाट में तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ व्रतियों को स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से होटल संघ, नेतरहाट पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण पूरी सक्रियता के साथ जुटे हैं।

इसी क्रम में लेक व्यू पार्क के समीप स्थित तालाब की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसमें सभी ने मिलकर श्रमदान किया और तालाब एवं आसपास के परिसर की सफाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।अभियान के दौरान होटल संघ के सदस्यों, पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाई।
सभी की संयुक्त भागीदारी और देखरेख में तालाब एवं छठ घाट को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया, ताकि व्रतियों को भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर होटल संघ के अध्यक्ष बिट्टू उर्फ सर्वेश, हेमंत प्रसाद, बबलू सिंह, आशुतोष तिवारी, धनंजय प्रसाद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं, नेतरहाट थाना प्रभारी राजन अधिकारी, बादल कुमार, पुलिस जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी श्रमदान कर अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
छठ महापर्व को लेकर होटल संघ और पुलिस प्रशासन की सक्रियता से नेतरहाट में सामूहिक सहयोग की मिसाल देखने को मिल रही है। इस पहल ने यह संदेश दिया है कि पर्व की पवित्रता और गरिमा बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध नेतरहाट में छठ की तैयारियों के साथ स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का यह प्रयास पर्व के उत्साह को और खास बना रहा है।
![]()




