पाकुड़ की 46 पैक्स समितियों का बदलेगा कामकाज, एक क्लिक पर खुलेगा पूरा हिसाब
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता।अब पाकुड़ जिले की पैक्स समितियों में हिसाब-किताब रखने से लेकर वित्तीय लेन-देन तक की व्यवस्था हाईटेक होने जा रही है। कंप्यूटरीकरण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाते हुए प्रथम चरण में चयनित जिले की 46 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (एमपीसीएस) को डिजिटल प्रणाली से जोड़ने की पहल शुरू कर दी गयी है। इसी कड़ी में शनिवार को दुर्गापुर स्थित संयुक्त सहकारिता भवन के सभागार में पैक्स कर्मियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ईआरपी (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) सॉफ्टवेयर के संचालन और उपयोग की बारीकियां बतायी गयीं।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगा पैक्सों का पूरा लेखा-जोखा
जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो ने कहा कि पैक्स और लैम्प्स का कंप्यूटरीकरण सहकारिता व्यवस्था को पारदर्शी, तेज और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल प्रणाली लागू होने के बाद समितियों के वित्तीय लेन-देन और कामकाज का पूरा हिसाब-किताब एक क्लिक पर उपलब्ध होगा। इससे रिकॉर्ड की निगरानी आसान होगी और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका भी कम होगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का सबसे बड़ा लाभ किसानों को मिलेगा। सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के साथ ही खाद, बीज और कृषि ऋण जैसी सुविधाओं के वितरण में भी सहूलियत होगी। डिजिटल व्यवस्था से पैक्सों के कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी।
कर्मियों को ईआरपी सॉफ्टवेयर की तकनीकी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रांची से पहुंचे मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार घोष और आईटी सॉल्यूशन (एसआई) के प्रतिनिधि नितेश कुमार ने कर्मियों को ईआरपी सॉफ्टवेयर के संचालन की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन डेटा एंट्री, दैनिक लेन-देन का रिकॉर्ड दर्ज करने, डिजिटल लेखा-जोखा संधारित करने और तकनीकी समस्याओं के समाधान के तरीकों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पैक्स कर्मियों को डिजिटल प्रणाली के अनुरूप दक्ष बनाना है, ताकि कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से लागू हो सके। इससे सहकारी समितियों के कामकाज में तेजी आने के साथ किसानों को मिलने वाली सुविधाएं भी अधिक व्यवस्थित हो सकेंगी।
मौके पर सहकारिता प्रसार पदाधिकारी प्रमोद कुमार, रंजीत सिंह, पदम किशोर महतो सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()




