महेशपुर में 113 टीबी मरीजों को मिला पोषण किट,स्वास्थ्य सुधार को लेकर जागरूकता
स्वास्थ्य विभाग व स्वयंसेवी संस्थाओं की पहल, लोगों से टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील


पाकुड़/महेशपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग, पाकुड़ की ओर से टीबी मरीजों के बीच 113 पोषण किट का वितरण किया गया। यह वितरण कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. आबु सलाम, पीरामल फाउंडेशन के बीपीएम कृष्ण कुमार पोद्दार, वरीय चिकित्सा पर्यवेक्षक जगरनाथ कुमार, लैब टेक्निशियन शौकत अली, संगीता कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस दौरान संबंधित 113 टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर से मिली जानकारी के अनुसार टीबी मरीजों को समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग, अन्य सरकारी विभागों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा पोषण किट वितरित की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना है।
बताया गया कि इससे पूर्व भी कई विभागों के अधिकारियों, कर्मियों और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके लिए पोषण किट की व्यवस्था की जाती रही है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपनी क्षमता अनुसार किसी टीबी मरीज को गोद लेकर उसके पोषण और देखभाल में सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह पहल न केवल मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में सहायक है, बल्कि समाज में मानवता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है।
![]()




