
बरवाडीह में वाहन जांच अभियान, 18 दोपहिया वाहनों पर 67,500 रुपये का ई-चालान
लातेहार। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को बरवाडीह थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, महुआडांड़ के अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंदरी तथा बरवाडीह के पुलिस उपाधीक्षक सह थाना प्रभारी राम लखन वर्णनवाल शामिल रहे।

वाहन जांच के दौरान बरवाडीह चौक से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा स्कूल वैन, स्कूल बसों और यात्री बसों के दस्तावेजों एवं सुरक्षा मानकों की भी बारीकी से पड़ताल की गई।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 18 दोपहिया वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 67,500 रुपये का ई-चालान काटा गया।

इस दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई।
![]()




