मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने चंदवा के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
होम-टू-रोल विजिट कार्यक्रम के तहत घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से किया संवाद, मतदाता पहचान पत्र और फॉर्म-6 की प्रक्रिया की ली जानकारी

लातेहार। होम-टू-रोल विजिट कार्यक्रम के तहत झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने चंदवा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और घर-घर जाकर ग्रामीणों एवं मतदाताओं से सीधा संवाद किया।
कार्यक्रम के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार का चंदवा प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर उपायुक्त संदीप कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चंदवा प्रखंड अंतर्गत राजकीय बालिका मध्य विद्यालय, चंदवा स्थित मतदान केंद्र संख्या 328 तथा प्राथमिक विद्यालय, जमीरा स्थित मतदान केंद्र संख्या 347 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित मतदान केंद्रों पर चल रहे निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

घर-घर जाकर मतदाताओं से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने क्षेत्र के विभिन्न घरों में जाकर ग्रामीणों एवं मतदाताओं से बातचीत की। उन्होंने मतदाताओं से पूछा कि उनका मतदाता पहचान पत्र (EPIC) बना है या नहीं। साथ ही यह भी जानकारी ली कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा घर पहुंचकर फॉर्म-6 उपलब्ध कराया गया है या नहीं तथा उसे भरवाने और जमा कराने की प्रक्रिया पूरी हुई है अथवा नहीं।
उन्होंने जमीनी स्तर पर निर्वाचन संबंधी कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदवा चंदन प्रसाद, अंचल अधिकारी चंदवा सुमित झा, बीएलओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
![]()





