मुर्शिदाबाद में 500 बोतल फेंसिडिल जब्त, मालदा निवासी आरोपी गिरफ्तार
चांदेर मोड़ पर नाका चेकिंग के दौरान सूति पुलिस की कार्रवाई,तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
फरक्का:- मुर्शिदाबाद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फेंसिडिल की 500 बोतलों की खेप पकड़ी है. सूति थाना पुलिस ने रविवार रात नाका चेकिंग के दौरान एक स्वीप वाहन से भारी मात्रा में फेंसिडिल बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है. इतनी बड़ी खेप की बरामदगी के बाद पुलिस अब नशे के कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क को खंगालने में जुट गयी है.
चांदेर मोड़ पर रोका गया संदिग्ध वाहन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार रात सूति थाना क्षेत्र के चांदेर मोड़ के पास पुलिस नाका चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक स्वीप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से फेंसिडिल सिरप की 500 बोतलें बरामद हुईं. पुलिस ने तत्काल खेप को जब्त करते हुए वाहन सवार व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. नाका चेकिंग के दौरान हुई इस बरामदगी ने इलाके में फेंसिडिल की अवैध आवाजाही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये हैं.

मालदा से जुड़ा आरोपी, तस्करी के नेटवर्क की जांच
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल रहीम के रूप में हुई है. वह मालदा जिले के बैस्टमनगर थाना क्षेत्र के 16 माइल इलाके का निवासी बताया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फेंसिडिल की खेप कहां से लाई गयी थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. साथ ही, इस अवैध कारोबार में आरोपी के अलावा अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
खेप के पीछे कौन, पुलिस तलाश रही जवाब
सूति थाना के आईसी अभिजीत सरकार ने बताया कि नाका चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गयी थी. इसमें फेंसिडिल की 500 बोतलें बरामद होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. बरामद खेप के स्रोत, गंतव्य और संभावित तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है.
![]()




