पाकुड़ में 4-5 नवंबर को युवा संसद,पांच विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं
पांच विधाओं में हुनर का प्रदर्शन करेंगे युवा, ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को मिलेगी धार

अनिकेत कुमार सोनू की रिपोर्ट,
पाकुड़ : संवाददाता ।नेतृत्व, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों के दम पर विकसित भारत की तस्वीर गढ़ने के लिए पाकुड़ के युवा तैयार होंगे. जिले में 4 और 5 नवंबर को जिला स्तरीय युवा संसद और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जायेगा. इसमें युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का मंच मिलेगा. आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, युवाओं की सहभागिता और व्यवस्थाओं को लेकर रणनीति तय की गयी.

बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 नवंबर को डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद आयोजित होगी, जबकि 5 नवंबर को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जायेगा. दोनों कार्यक्रमों के जरिये युवाओं को अपनी सोच, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता सामने रखने का अवसर मिलेगा.
पांच विधाओं में दिखेगा युवाओं का हुनर
यंग लीडर्स डायलॉग के तहत 5 नवंबर को पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. इनमें लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, पारंपरिक भारतीय नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन शामिल हैं. मंच पर युवा अपनी कलात्मक प्रतिभा के साथ सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक चेतना और रचनात्मक अभिव्यक्ति की ताकत दिखायेंगे.
नशे के खिलाफ जागरूकता, विकसित भारत का संदेश
कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गयी है. इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जायेगा. आयोजन का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक बदलाव और राष्ट्र निर्माण का जिम्मेदार भागीदार बनाना भी है.
समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा. बैठक में प्रतिभागियों की भागीदारी, जिम्मेदारियों के निर्धारण, आयोजन की व्यवस्था और अनुशासन बनाये रखने समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई.
बैठक में माई भारत पाकुड़ के जिला युवा अधिकारी सौरभ पांडेय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक महबूब आलम, महिला महाविद्यालय की एनएसएस समन्वयक कुसुम कुमारी, मॉडल कॉलेज पाकुड़ के प्रतिनिधि और बीएड संस्थान के एनएसएस समन्वयक शंकर कुशवाहा समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे.
![]()




