नावाबाजार हत्याकांड सुलझा, चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


गहने लूटने के बाद पहचान उजागर होने के डर से की गई हत्या, पुलिस ने बाइक, आभूषण और रस्सी बरामद की
नावा बाजार/पलामू:- पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बसना में महिला गीता देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गहने लूटने के बाद पहचान उजागर होने के डर से महिला की हत्या कर दी थी। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद की गई है।
पूजा पंडाल से घर लौटते समय हुई थी घटना
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बसना निवासी शशि पासवान ने 20 अक्टूबर 2026 की रात अपनी पत्नी गीता देवी के लापता होने को लेकर नावा बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी पत्नी पूजा पंडाल से घर लौटते समय लापता हो गई थीं। इस संबंध में नावा बाजार थाना कांड संख्या 66/2026, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को धारा 140(3)/3(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
21 अक्टूबर की दोपहर गीता देवी का शव उनके घर के पास धान के खेत में मिला। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
एसआईटी गठित कर शुरू की गई जांच
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पलामू के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। पूछताछ और अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने उनकी संलिप्तता सामने आने का दावा किया।
लूटपाट की योजना के दौरान वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दुर्गापूजा के दशमी के दिन पूजा पंडाल देखने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटपाट की योजना बनाई थी। इसी उद्देश्य से 20 अक्टूबर की रात चारों आरोपी घूम रहे थे। इसी दौरान पूजा पंडाल से घर लौट रही गीता देवी उन्हें अकेली मिलीं।
पुलिस का आरोप है कि चारों उन्हें खेत की ओर ले गए और उनके आभूषण लूट लिए। महिला द्वारा आरोपियों को पहचान लेने और शोर मचाने पर उन्होंने कथित तौर पर मारपीट की तथा गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की स्वीकारोक्ति और निशानदेही के आधार पर मामले में साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
1. दीपरंजन पांडेय उर्फ छोटू (22 वर्ष), पिता राकेश पांडेय उर्फ टूना पांडेय, निवासी रजहारा, थाना नावाबाजार, जिला पलामू।
2. रोहित पांडेय (24 वर्ष), पिता तरुण पांडेय, निवासी रजहारा, थाना नावाबाजार, जिला पलामू।
3. आकाश शुक्ला उर्फ भूलन शुक्ला (26 वर्ष), पिता अजय शुक्ला, स्थायी निवासी चौरा, थाना लेस्लीगंज, जिला पलामू; वर्तमान पता रजहारा, थाना नावाबाजार।
4. विक्की पासवान उर्फ विकास पासवान (25 वर्ष), पिता राजेश पासवान, निवासी लोहड़ी, थाना पड़वा, जिला पलामू।
मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस की विज्ञप्ति में दीपरंजन पांडेय उर्फ छोटू के खिलाफ नावा बाजार थाने में वर्ष 2023 से 2025 के बीच दर्ज पांच आपराधिक मामलों का उल्लेख किया गया है। इनमें मारपीट, चोरी और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।
वहीं, आकाश शुक्ला उर्फ भूलन शुक्ला के खिलाफ भी सदर थाना में वर्ष 2026 में दर्ज एक मामले सहित पूर्व के एक मामले का उल्लेख किया गया है।पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]()




