साहिबगंज-कहलगांव स्टेशन पर रेल जन संवाद, यात्रियों से सुविधाओं और स्वच्छता पर लिया फीडबैक
Sahibganj News

राहुल साह की रिपोर्ट,
साहिबगंज :-यात्रियों की समस्याओं को सुनने और रेल सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने साहिबगंज और कहलगांव रेलवे स्टेशन पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे संवाद कर सुविधाओं, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर फीडबैक लिया। साथ ही स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखने और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में जनभागीदारी का आह्वान किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार तथा वरीय वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की बात सुनना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और रेल सेवाओं में सुधार के लिए संवाद को बढ़ावा देना रहा।
यात्रियों से जानीं समस्याएं, सुविधाओं पर लिया फीडबैक
स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों से रेलवे की उपलब्ध सुविधाओं, यात्री सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर चर्चा की गई। रेल जन संवाद के जरिए यात्रियों को अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखने का अवसर दिया गया। रेलवे की ओर से यात्रियों को सुविधाओं के बेहतर उपयोग और स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।
स्वच्छता में लापरवाही नहीं, यात्रियों से सहयोग की अपील
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता को प्रमुखता से उठाया गया। यात्रियों से कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने और स्टेशन परिसर को गंदा नहीं करने की अपील की गई। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्वच्छ और सुरक्षित रेल परिसर के निर्माण में यात्रियों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
स्काउट्स-गाइड्स ने बढ़ाया जागरूकता अभियान का दायरा
कार्यक्रम में पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सहायक लीडर ट्रेनर स्काउट अजय कुमार सिंह और सहायक स्काउट मास्टर अतुल सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाई। आयुष कुमार शर्मा, सरस्वती चंद्र, वर्षा, अंकिता, काजल, आरती और राधिका सहित अन्य सदस्यों ने भी अभियान में हिस्सा लेकर स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश दिया।
अधिकारियों-कर्मचारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक अनुज कुमार अचल, वाणिज्य विभाग के सीएमआई अमर कुमार और प्रणय कुमार सहित कई रेलकर्मी एवं यात्री मौजूद रहे।
![]()




