10 हजार की भीड़,आतिशबाजी का रोमांच और गूंजते जय श्रीराम के नारे:पतना में धू-धू कर जला रावण
बिशनपुर में भव्य रावण दहन देखने उमड़ा जनसैलाब, ड्रोन से निगरानी के बीच पुलिस रही अलर्ट; सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का दिया संदेश

पतना:-बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी का पर्व पतना प्रखंड के बिशनपुर में भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। मंगलवार की देर संध्या केंदुआ-बिशनपुर स्थित हाई स्कूल मैदान में श्री श्री बजरंगबली पूजा समिति केंदुआ-बिशनपुर की ओर से आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में आस्था, उल्लास और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आकर्षक आतिशबाजी के बीच जैसे ही रावण के विशाल पुतले में आग लगी, पूरा मैदान जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। देखते ही देखते रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा और हजारों लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। आयोजन में करीब 10 हजार लोगों की भीड़ उमड़ी।

जय श्रीराम के नारों से गूंजा केंदुआ-बिशनपुर
रावण दहन से पूर्व रामभक्तों ने भव्य जुलूस निकाला। जुलूस केंदुआ-बिशनपुर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए हाई स्कूल मैदान पहुंचा। इस दौरान जय श्रीराम के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। जुलूस में श्रद्धा और उत्साह का माहौल दिखा। मैदान में जुटे लोगों को रावण दहन का बेसब्री से इंतजार था। आतिशबाजी शुरू होते ही लोगों का उत्साह और बढ़ गया। इसके बाद रावण के पुतले का दहन होते ही मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
श्रीराम के आदर्श अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में बरहरवा एसडीपीओ नितिन कुमार खंडेलवाल, पतना बीडीओ कुमार देवेश द्विवेदी, महेश कुमार साहा, उप प्रमुख जितेंद्र साहा, मोहम्मद शहबाज और भरत चंद्रवंशी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूजा समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि संजय गोस्वामी ने कहा कि विजयादशमी केवल रावण का पुतला जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर सत्य, धर्म और मर्यादा के रास्ते पर चलने का संकल्प लेने का पर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
पतना बीडीओ कुमार देवेश द्विवेदी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, अनुशासन और मर्यादा का प्रतीक है। वहीं, बरहरवा एसडीपीओ नितिन कुमार खंडेलवाल ने विजयादशमी को अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक बताते हुए लोगों से पर्व के मूल संदेश को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
आतिशबाजी के बीच रावण दहन देखते रह गए लोग
अतिथियों के संबोधन के बाद रावण दहन की तैयारी शुरू हुई। मैदान में हुई आकर्षक आतिशबाजी ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद मुख्य अतिथि संजय गोस्वामी ने रावण के पुतले में आग लगाई। आग की लपटों ने देखते ही देखते विशाल पुतले को अपनी चपेट में ले लिया। रावण के धू-धू कर जलते ही मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। पूरा आयोजन उत्सव और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।
10 हजार की भीड़ के बीच सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम,ड्रोन से निगरानी
भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन के जरिए भीड़ और आयोजन क्षेत्र पर निगरानी रखी गई। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। मौके पर बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव और बरहरवा थाना प्रभारी रूपेश यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
समिति के सदस्यों ने संभाली आयोजन की कमान
कार्यक्रम का सफल संचालन सोनू कुमार ठाकुर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष पवन रजक के साथ नंदू साहा, राकेश साहा, करण रजक, कुंदन, संजीव, माथुर, मदन भगत, ललन, सूरज, आशिक रजक, बिक्रम, इस्लाम शेख, वसीम अकरम, राजेश यादव, अनूप साहा, नीलेश महतो, रहीम, प्रमोद समेत अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
![]()




