हिरणपुर से लापता 14 वर्षीय छात्रा पटना में बरामद, युवक के साथ मिली
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता।हिरणपुर स्कूल जाने के दौरान लापता हुई 14 वर्षीय छात्रा को हिरणपुर पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से बरामद कर लिया है। छात्रा एक युवक के साथ मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच तेज की, जिसके बाद छात्रा का सुराग मिला। फिलहाल छात्रा और युवक को हिरणपुर लाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
स्कूल नहीं पहुंची छात्रा, परिजनों की बढ़ी चिंता
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय छात्रा रोजाना की तरह अपनी सहेली के साथ साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान डांगापाड़ा चौक के पास वह अपनी साइकिल छोड़कर एक युवक के साथ टोटो पर सवार होकर चली गई। निर्धारित समय पर छात्रा के स्कूल नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो उठे। इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

मां की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
छात्रा का सुराग नहीं मिलने पर उसकी मां ने हिरणपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। छात्रा की तलाश में विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाई गई और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को छात्रा के पटना में होने की जानकारी मिली।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पटना में कार्रवाई
छात्रा की लोकेशन मिलने के बाद थाना प्रभारी रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई कर उसे पटना से बरामद कर लिया। पुलिस छात्रा और युवक को हिरणपुर लाने की प्रक्रिया में जुटी है। इसके बाद दोनों से पूछताछ और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी।
नाबालिग छात्रा से जुड़े इस मामले में पुलिस सभी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। छात्रा के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()




