रूपी सोरेन को आलमगीर आलम ने दी श्रद्धांजलि, हेमंत सोरेन से की मुलाकात
नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, शोक संतप्त परिवार के प्रति जताई संवेदना

बरहरवा संवाददाता। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं झारखंड आंदोलन के संघर्षपूर्ण दौर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की संघर्ष-संगिनी रहीं स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों के नेमरा पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम रामगढ़ जिले के नेमरा पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
नेमरा में पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, पाकुड़ विधायक निसात आलम और स्थानीय विधायक ममता देवी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई।

‘झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति’
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन उनके परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से राज्य ने ऐसी शख्सियत को खो दिया है, जिनका जीवन झारखंड आंदोलन के संघर्षपूर्ण दौर से जुड़ा रहा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
![]()





