गंगा कटाव के बीच तीनपहाड़ से फिर दौड़ी साहिबगंज-बर्द्धमान पैसेंजर,यात्रियों को मिली बड़ी राहत
Pakud News

कोटालपोखर संवाददाता। गंगा कटाव के कारण चरमराये रेल परिचालन के बीच तीनपहाड़ के यात्रियों के लिए शनिवार को राहत भरी खबर सामने आयी। साहिबगंज-बर्द्धमान पैसेंजर ट्रेन का परिचालन तीनपहाड़ स्टेशन से फिर शुरू हो गया। शनिवार को ट्रेन दोपहर 2:45 बजे तीनपहाड़ से बर्द्धमान के लिए रवाना हुई। ट्रेन के दोबारा पटरी पर लौटने से राजमहल, तीनपहाड़, बरहरवा, पाकुड़, नलहाटी और रामपुरहाट जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिली है।
बंद ट्रेन सेवा से बढ़ी थी परेशानी
ट्रेन सेवा प्रभावित होने के कारण दैनिक यात्रियों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और छोटे-बड़े कारोबारियों के लिए आवागमन का संकट खड़ा हो गया था। पैसेंजर ट्रेन के फिर शुरू होने से अब इन यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

2:45 बजे तीनपहाड़ से बर्द्धमान के लिए रवाना
रेलवे के अनुसार शनिवार से ट्रेन का परिचालन तीनपहाड़ स्टेशन से नियमित रूप से दोपहर 2:45 बजे बर्द्धमान के लिए किया गया। ट्रेन के परिचालन शुरू होते ही स्टेशन पर यात्रियों में राहत और खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने रेल सेवा बहाल होने पर रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।
गंगा कटाव से कई ट्रेनें अब भी प्रभावित
महाराजपुर रेलमार्ग के पास गंगा के कटाव ने रेल परिचालन को प्रभावित किया है। रेल पटरी की सुरक्षा के लिए रेलवे की ओर से कटावरोधी कार्य कराया जा रहा है। इसके कारण कई मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है।
ऐसे में साहिबगंज-बर्द्धमान पैसेंजर का तीनपहाड़ से दोबारा परिचालन शुरू होना यात्रियों के लिए बड़ी राहत है। क्षेत्र के यात्रियों को उम्मीद है कि जल्द ही अन्य प्रभावित ट्रेन सेवाएं भी सामान्य होंगी।
![]()




