Ganga Katav Sthal Par Pahunche Malda DRM, Bole – Abhi Trainon Ke Parichalan Ki Tarikh Batana Jaldbazi
malda-drm-ganga-katav-sthal-train-parichala

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
तालझारी। साहिबगंज-तालझारी रेलखंड पर महाराजपुर रेलवे स्टेशन के समीप गंगा नदी के तेज कटाव से रेल परिचालन प्रभावित होने के बाद मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष गुप्ता शुक्रवार को कटाव स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे कटावरोधी कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों व अभियंताओं से अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
डीआरएम ने कहा कि नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने की सूचना मिल रही है। उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिनों में पानी और नीचे आएगा। हालांकि, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलस्तर सामान्य होने और कटाव की रफ्तार थमने के बाद ही रेलवे यह तय कर पाएगा कि ट्रेनों का परिचालन कब और किस स्वरूप में बहाल किया जा सकता है।

परिचालन की तारीख बताने से किया इनकार
ट्रेनों के परिचालन की निश्चित तारीख के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि फिलहाल कोई समय-सीमा बताना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि समय से पहले तारीख घोषित करने और बाद में सुरक्षा कारणों से परिचालन नहीं हो पाने पर यात्रियों को और परेशानी होगी। इसलिए ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जैसे ही जलस्तर घटेगा और ट्रैक सुरक्षित पाया जाएगा, यात्रियों को इसकी जानकारी तत्काल दी जाएगी। फिलहाल अप लाइन पर सीमित गति के साथ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है, जबकि डाउन लाइन की डायवर्ट और रद्द ट्रेनें पूर्ववत रहेंगी।
संवेदनशील स्थानों पर रेलवे की पैनी नजर
वर्ष 2013 की बाढ़ से मौजूदा स्थिति की तुलना पर डीआरएम ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं का सटीक पूर्वानुमान लगाना कठिन है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम और आपदाओं के बदलते स्वरूप का भी उल्लेख किया। कहा कि रेलवे सभी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर एहतियाती कदम उठा रहा है, ताकि भविष्य में जोखिम को कम किया जा सके।

कोलकाता से पहुंची विशेष अभियंताओं की टीम
कटावरोधी कार्यों की निगरानी के लिए कोलकाता से विशेष अभियंताओं की टीम भेजी गयी है। टीम को कटाव प्रभावित क्षेत्र में इस तरह के कार्यों का विशेष अनुभव है। डीआरएम ने बताया कि स्थानीय जिला प्रशासन का भी लगातार सहयोग मिल रहा है।
सुरक्षा के लिए मौके पर छह गोताखोरों को तैनात किया गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से स्पीड बोर्ड भी उपलब्ध कराया गया है।
तीनपहाड़-हावड़ा विशेष ट्रेन का प्रस्ताव
डीआरएम ने बताया कि फिलहाल परिचालन व्यवस्था में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है। डाउन लाइन की रद्द और डायवर्ट ट्रेनें यथावत रहेंगी। वहीं अप लाइन पर प्रमुख ट्रेनों का सीमित परिचालन जारी रहेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए साहिबगंज से भागलपुर की ओर अतिरिक्त ट्रेन चलायी जा रही है। इसके अलावा तीनपहाड़ से हावड़ा के बीच विशेष ट्रेन चलाने का प्रस्ताव हावड़ा जीएम कार्यालय को भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीआरएम का स्पष्ट संदेश है कि ट्रेनों की बहाली की तारीख से पहले ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। जलस्तर और कटाव की स्थिति सामान्य होने के बाद ही परिचालन को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
![]()





