महेशपुर में अवैध बालू परिवहन पर कार्रवाई, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
देवपुर के पास पुलिस की छापेमारी,चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

पाकुड़ संवाददाता। महेशपुर : थाना क्षेत्र के देवपुर गांव के समीप सोमवार देर रात पुलिस ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। जब्त ट्रैक्टर को थाना परिसर में रखा गया है।
थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद रात के अंधेरे में अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ महेशपुर-शहरग्राम मुख्य सड़क पर देवपुर गांव के पास छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर संख्या जेएच-16ए-5578 को बालू लदे अवस्था में जब्त कर लिया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना खनन विभाग के वरीय पदाधिकारी को दे दी गयी है। विभागीय निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।
![]()





