बांसलोई नदी के घाट से 16 वर्षीय युवक का शव बरामद
फुटबॉल प्रतियोगिता और भैंसा लड़ाई देखने घर से निकला था शिवधन मरांडी, दो दिन बाद मिला शव

पाकुड़ संवाददाता। महेशपुर: थाना क्षेत्र के बिस्टुपुर गांव के समीप बांसलोई नदी के बिस्टुपुर घाट से सोमवार अहले सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। शव को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर महेशपुर थाना के एएसआई मो. शाहिद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की पहचान दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी शिवधन मरांडी (16) के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी बिस्टुपुर घाट पहुंचे और शव की पहचान की।

पांच सितंबर को घर से निकला था युवक
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवधन मरांडी पांच सितंबर को महेशपुर-घाटचोरा गांव में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता और भैंसा लड़ाई देखने के लिए घर से निकला था। कार्यक्रम देखने के बाद वह वापस घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन दो दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह बिस्टुपुर घाट में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान शिवधन मरांडी के रूप में की।
पोस्टमार्टम नहीं कराने का दिया आवेदन
शव की पहचान के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने को लेकर महेशपुर थाना में आवेदन दिया। उन्होंने अपने रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने के लिए शव सौंपने की अनुमति मांगी। आवेदन के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
हालांकि, शिवधन मरांडी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू
![]()





