साहिबगंज में नशे का जाल गहराया, कालियाचक कनेक्शन पर उठे सवाल
छोटी-छोटी खेप के जरिए सप्लाई की आशंका, पुलिस कार्रवाई जारी पर नेटवर्क पूरी तरह बेनकाब नहीं

कोटालपोखर संवाददाता।
साहिबगंज जिले में ब्राउन शुगर, गांजा और नशीले कफ सिरप समेत मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद अवैध कारोबार की जड़ें गहरी होती दिख रही हैं।
हाल के मामलों और सीमावर्ती पश्चिम बंगाल में पकड़ी गई नशीली खेपों के विश्लेषण से मालदा जिले के कालियाचक क्षेत्र का नाम बार-बार सामने आ रहा है। इसे संभावित सप्लाई नेटवर्क की अहम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

छोटी खेप में हो रही सप्लाई
सूत्रों के अनुसार, कालियाचक से बरहरवा क्षेत्र तक छोटी-छोटी खेप पहुंचने की जानकारी मिल रही है। बताया जा रहा है कि सप्ताह में एक-दो बार ट्रेन या बाइक के जरिए नशीला पदार्थ लाया जाता है, जिसे बाद में स्थानीय स्तर पर पुड़ियों में बांटकर बेचा जाता है।
पतना चौक इलाके में कथित तौर पर पति-पत्नी के इस धंधे से जुड़े होने की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
नेटवर्क में महिलाओं की भूमिका की जांच
सूत्र यह भी बताते हैं कि नशे के इस नेटवर्क में कुछ महिलाओं की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही जा रही है।
मौजमपुर बना संभावित केंद्र
मालदा जिले का कालियाचक और विशेष रूप से मौजमपुर क्षेत्र ब्राउन शुगर की सप्लाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यहां कच्चे माल से ब्राउन शुगर तैयार कर झारखंड और बिहार में छोटे-छोटे पैकेट के रूप में भेजा जाता है।
हाल ही में गिरफ्तार एक युवक से पूछताछ में भी मौजमपुर का नाम सामने आने की बात कही जा रही है, लेकिन इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जिले में लगातार हो रही बरामदगी
साहिबगंज जिले में हाल के दिनों में कई मामलों में मादक पदार्थों की बरामदगी हुई है।
- जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित कफ सिरप मामले में मेडिकल स्टोर संचालक पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।
- 16 अगस्त को नगर और जिरवाबाड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में आजाद नगर के पास से आठ ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
- रांगा थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में एक किलो तीन ग्राम और 52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
- 2 अगस्त को राधानगर थाना क्षेत्र से 1.90 ग्राम एमडीएमए के साथ एक युवक पकड़ा गया।
बंगाल में भी कार्रवाई तेज
पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में भी लगातार कार्रवाई हो रही है।
हाल के मामलों में फरक्का और लालगोला क्षेत्रों से हेरोइन और ब्राउन शुगर की बड़ी खेप बरामद की गई है, जिसमें बिहार और कालियाचक से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही होती है कार्रवाई
बरहरवा के एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने कहा कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिलती है, तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि आगे भी इस तरह की सूचनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
![]()




