जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला, 15 सेकेंड में 30 राउंड फायरिंग; तीन जवान घायल
Jammu Kashmir

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला, 15 सेकेंड में 30 राउंड फायरिंग: तीन जवान घायल
जम्मू-कश्मीर। कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप के बाहर नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की।
इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हो गए। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर महज 15 सेकेंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है। फायरिंग में घायल तीनों जवानों को उपचार के लिए अनंतनाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर, कांस्टेबल संतोष और राकेश दास के रूप में बताई गई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
बताया जा रहा है कि एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की जा रही है। वहीं, हमले को लेकर गृह मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक चलने की भी जानकारी सामने आई है।
NEWS APPRAISAL | खबरों में सबसे तेज
![]()




