
मनिका | संतोष प्रसाद की रिपोर्ट,
मनिका प्रखंड के बन्दुआ एवं मटलौन्ग पंचायत में सोमवार को ग्रामीण कार्य विभाग और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा स्वीकृत चार महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह उपस्थित रहे।

विधायक रामचंद्र सिंह, विधायक प्रतिनिधि दरोगी प्रसाद यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा बुके भेंट किया।
ग्रामीण कार्य विभाग एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दो सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें बन्दुआ से बरवैया तक सड़क सुदृढ़ीकरण तथा सिन्जो से सैलदाग तक सड़क निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अंतर्गत मटलौन्ग एवं बन्दुआ विद्यालय में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। वहीं विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष बनने से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जा रहा है और आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सुरेंद्र भारती, विश्वनाथ पासवान, राजेंद्र यादव, संजय सिंह, अंजू यादव, नरेश राम, ओम प्रकाश यादव, अरुण सिंह, नवनीत सिंह, अख्तर अंसारी, सरयू यादव, मनोज यादव, मिसर यादव, पवन प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
![]()




