

22 सितंबर (न्यूज़ अप्रैजल): अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई अहम काम लंबित है, तो उसे 25 सितंबर तक जरूर पूरा कर लें। इसके बाद 26 से 30 सितंबर के बीच बैंकिंग सेवाएं बाधित रह सकती हैं, जिससे ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा। वहीं 28, 29 और 30 सितंबर को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
हड़ताल टालने के प्रयास भी जारी हैं। इस संबंध में 21 सितंबर को वित्त मंत्रालय स्तर पर बैठक बुलाई गई है, जबकि 22 और 23 सितंबर को केंद्रीय मुख्य श्रमायुक्त के समक्ष दोनों पक्षों के बीच वार्ता प्रस्तावित है। अगर बातचीत सफल नहीं होती है, तो बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता है।
इस दौरान नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट और लॉकर सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि, ग्राहकों को राहत देते हुए ATM, UPI और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे संभावित असुविधा से बचने के लिए अपने जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते पूरा कर लें।
![]()



