
कोटालपोखर। रांगा थाना क्षेत्र के बड़तल्ला गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी धानो हांसदा के रूप में की गई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, धानो हांसदा गांव के खलिहान में चूहा मारने के लिए गया था। इसी दौरान वह अपने हाथ में सब्बल लेकर काम कर रहा था, तभी ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में सब्बल आ गया। तार के संपर्क में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसकी जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव देखकर परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। ग्रामीणों के बीच भी इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक देखा गया।
बताया गया कि घटना की जानकारी बिजली विभाग को मौखिक रूप से दी गई थी, हालांकि समाचार भेजे जाने तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। वहीं, रांगा थाना पुलिस को भी घटना की लिखित सूचना नहीं मिली थी और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
![]()




