घाघरा में दो बाइकों की सीधी टक्कर में 48 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत, दो युवक गंभीर रूप से घायल
Gumla news

घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी पीठवर टोली पेट्रोल पंप के पास शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान बिशनपुर प्रखंड के चिरोड़ीह निवासी लगभग 48 वर्षीय गंगेश्वर बड़ाईक के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, हेसराग गांव के निवासी संतोष लोहार और अनिल उरांव घाघरा साप्ताहिक हाट से शराब पीकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई, जिसमें यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना ले आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
![]()




